नांदेड़ शहर रेलमार्ग तथा राजमार्ग द्वारा हिंदुस्तान के कईं बड़े शहरों से जुड़ा हुआ है। मुंबई से यह लगभग ६०० किलो मीटर की दूरी पर स्थित है। कई महत्वपूर्ण शहरों से यह समान दूरी पर स्थित है, जैसेः हैदराबाद, औरंगाबाद, सोलापुर आदि। नांदेड़ शहर मुंबई, पुणे, बंगलौर, दिल्ली, अमृतसर, भोपाल, इंदौर, आगरा, हैदराबाद, जयपुर, आजमेर, औरंगाबाद तथा नासिक आदि बड़े शहरों से रेलमार्ग द्वारा सीधा जुडा हुआ है। यहाँ के हवाई अड्डे को विस्तारित करने की नैशनल एयरपोर्ट अथारिटी की योजना है। सड़क मार्ग द्वारा नांदेड़ पहुँचना भी सुगम है। नांदेड़ के चारों ओर के पर्यटन स्थलों जैसेः औंढा नागनाथ, परळी बैद्यनाथ, माहुर, बासर, मातासाहिब, शिकार घाट, सहस्त्रकुंड, केदारगुडा, कंधार आदि पर स्टेट ट्रान्सपोर्ट की बसों द्वारा आसानी से पहुंचा जा सकता है।
